अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया योगाभ्यास, प्रदेशवासियों से योग अपनाने की अपील

अंबिकापुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी योग सत्र में भाग लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की हजारों वर्ष पुरानी अमूल्य परंपरा है, जिसकी शुरुआत हमारे ऋषि-मुनियों ने की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया इसे बड़े उत्साह के साथ अपना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी आधार है। उन्होंने बताया कि बच्चों को स्वस्थ, अनुशासित और सजग बनाने के उद्देश्य से योग को पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि जो लोग अब तक योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा नहीं बना पाए हैं, वे आज से ही इसकी शुरुआत करें।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। योग को दैनिक जीवन में अपनाकर व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली प्राप्त कर सकता है।

योग दिवस आयोजन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोप लगाने वालों को पहले अपने कार्यकाल की ओर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं शिकायतें या वीडियो सामने आ रहे हैं तो उनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों और विकासखंड स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने सभी लोगों से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

Back to top button