छत्तीसगढ़

अनाप-शनाप बिजली बिलों से उपभोक्ता हलाकान, तुलसी मनहरे ने विभाग को दी चेतावनी

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630
बिलों में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो होगा बिजली विभाग का घेराव
बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही और त्रुटिपूर्ण बिलिंग से आम उपभोक्ता परेशान हैं। कई उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत से कहीं अधिक राशि के बिजली बिल थमाए जाने का मामला सामने आया है। इस गंभीर समस्या को लेकर जनपद सदस्य प्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायत धनगांव के पूर्व सरपंच तुलसी मनहरे ने बिजली विभाग के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि ग्राम धनगांव में बिजली बिलों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। गांव के उपभोक्ता दिनेश जांगड़े को 55 हजार रुपये, अघनू ध्रुव को 30 हजार रुपये तथा जीवरखन वैष्णव को 3 हजार रुपये का बिजली बिल प्राप्त हुआ है। इसी तरह क्षेत्र के कई अन्य उपभोक्ता भी भारी-भरकम बिजली बिलों से परेशान हैं। अचानक इतनी अधिक राशि के बिल मिलने से आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है और लोगों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
तुलसी मनहरे ने कहा कि एक ओर आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की कथित गलत मीटर रीडिंग और बिलिंग संबंधी त्रुटियां उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा रही हैं। आखिर आम उपभोक्ता बिना गलती किए हजारों और लाखों रुपये के बिलों का भुगतान कैसे करे ? विभाग की जिम्मेदारी है कि वह उपभोक्ताओं को सही रीडिंग के आधार पर पारदर्शी और उचित बिजली बिल उपलब्ध कराए।
उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम धनगांव सहित पूरे क्षेत्र में जारी किए गए संदिग्ध एवं त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। मीटर रीडिंग का सत्यापन किया जाए तथा वास्तविक बिजली खपत के आधार पर बिलों में तत्काल संशोधन किया जाए। साथ ही प्रभावित उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
तुलसी मनहरे ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं को हल्के में न ले। यदि जल्द ही अनाप-शनाप बिजली बिलों में सुधार कर प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी गई, तो क्षेत्र के सभी पीड़ित उपभोक्ताओं को एकजुट कर बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उपभोक्ताओं के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर विभागीय कार्यालय तक लड़ी जाएगी।
Show More
फागुलाल

फागुलाल

REPORTER
Back to top button