अमरकंटक से भोरमदेव तक विधायक भावना बोहरा की 151 किमी कांवड़ यात्रा शुरू, 600 से अधिक शिवभक्त शामिल

कवर्धा = पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सावन के दूसरे सोमवार को माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की पावन कांवड़ पदयात्रा का शुभारंभ किया।

इससे पहले विधायक बोहरा ने माँ नर्मदा मंदिर में माँ नर्मदा और नर्मदेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ यात्रा भोरमदेव के लिए रवाना हुई।

इस यात्रा में 600 से अधिक कांवड़ यात्री विधायक के साथ चल रहे हैं। खास बात यह है कि वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी समाज के लोग भी इस यात्रा में शामिल हुए हैं, जिन्होंने विधायक के प्रयासों से अपने मूल धर्म में वापसी की है।

यह यात्रा 10 अगस्त से 16 अगस्त तक चलेगी और जलेश्वर महादेव डोंगरिया और भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। प्रथम दिन की पदयात्रा अमरकंटक से गणेश मंदिर पहाड़, आमडोल और खपरा खोल होते हुए लमनी तक जाएगी। घने जंगल, दुर्गम पगडंडियों और बीहड़ रास्तों से होकर यह यात्रा आगे बढ़ेगी।

यात्रा से एक दिन पूर्व रविवार को विधायक ने नया नगर पालिका परिसर स्थित मेला मैदान (डोम) में कबीरधाम से आए कांवड़ यात्रियों से मुलाकात की, उन्हें स्वयं भोजन परोसा और भजन संध्या में शामिल हुईं।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए आस्था, कृतज्ञता और सेवा-भाव का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा सनातन संस्कृति, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है और इसका उद्देश्य प्रदेश की सुख-शांति के साथ युवा पीढ़ी को अपनी परंपरा से जोड़ना भी है।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Back to top button