आंधी-तूफान के बीच नगर निगम की त्वरित कार्रवाई, घंटों में बहाल हुई यातायात और विद्युत व्यवस्था
रायगढ़। शहर में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम के बीच नगर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाधित व्यवस्थाओं को कम समय में बहाल कर दिया। तेज हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में पेड़, फ्लेक्स और अन्य अवरोध सड़कों पर गिर गए थे, जिससे यातायात और विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई।
सुभाष चौक में गिरा फ्लेक्स, निगम टीम तुरंत पहुंची
आंधी-तूफान के दौरान सुभाष चौक क्षेत्र में एक बड़ा फ्लेक्स सड़क पर गिर गया, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही नगर निगम के विद्युत, उद्यान, वाहन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
जेसीबी और कटर मशीन की मदद से हटाए अवरोध
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन ने तत्काल दो जेसीबी मशीनों और कटर मशीन को मौके पर लगाया। कर्मचारियों ने सड़क पर गिरे फ्लेक्स और अन्य अवरोधों को हटाकर यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया।
30 से अधिक कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
नगर आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया के नेतृत्व में 30 से अधिक कर्मचारियों की टीम लगातार मौके पर डटी रही। टीम ने समन्वित प्रयासों से कुछ ही समय में सड़क मार्ग को पुनः सुचारू कर लोगों को राहत पहुंचाई।
मौसम आपदा से निपटने विशेष टीम गठित
नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर में मौसम जनित आपदाओं से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विद्युत, उद्यान, वाहन एवं स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इन टीमों का नेतृत्व कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया कर रहे हैं, जो आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
दो दिन पहले भी 45 स्थानों पर किया था राहत कार्य
नगर निगम के अनुसार दो दिन पूर्व चली तेज हवाओं के दौरान भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ और टीन शेड गिरने से बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी। उस दौरान निगम की टीम ने देर रात तक अभियान चलाकर निगम कार्यालय के सामने, गोपी टॉकीज रोड, स्टेशन रोड, टीवी टावर रोड, पहाड़ मंदिर रोड, उर्दना रोड, विजयपुर रोड और रामपुर रोड सहित करीब 45 स्थानों पर पहुंचकर अवरोधों को हटाया था।
नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : आयुक्त
नगर आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित राहत है। मौसम जनित आपदाओं की स्थिति में सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर जनसुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
फिलहाल, नगर निगम की विशेष टीमें शहर में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।


