20 दिनों तक कार्यक्रम, 500 करोड़ पोस्टकार्ड…PM मोदी का बर्थडे इस बार होगा और खास, BJP की यह है योजना

समाचार संकलनआपकी आवाज़ न्यूज़ डेस्क
संपादन एवं प्रकाशनआपकी आवाज़ न्यूज़ डेस्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को इस बार भारतीय जनता पार्टी खास तरह से मनाने की योजना बना रही है। प्रधानमंत्री मोदी के जन सेवा में दो दशकों को चिह्नित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर को उनके जन्मदिन पर 20-दिवसीय ‘सेवा और समर्पण’ अभियान शुरू करेगी, जिसमें विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियां शामिल होंगी। वर्ष 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भाजपा उनके जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है और एक सप्ताह के लिए देश भर में कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन करती है, लेकिन इस बार इसे बढ़ाकर 20 दिन कर दिया गया है क्योंकि मोदी चुनावी राजनीति में दो दशक पूरे कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अभियान के तहत स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा गरीबों को राशन वितरित करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने भाजपा की सभी प्रदेश इकाइयों से कहा है कि कल्याणकारी कार्य कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किए जाएं। जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से टीकाकरण अभियान को सुगम बनाने के लिए कोविड-19 रोधी टीकाकरण शिविरों का दौरा करने के लिए भी कहा है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर को बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाएंगे और लोगों को खादी तथा स्थानीय उत्पादों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

देशभर से भाजपा के कार्यकर्ता 5 करोड़ पोस्टकार्ड भी भेजेंगे जिसमें उल्लेख होगा कि वे जन सेवा के लिए खुद को समर्पित कर रहे हैं। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से मोदी को मिले उपहारों की नीलामी का प्रचार-प्रसार करने को भी कहा है। इसी तरह भाजपा का किसान मोर्चा भी मोदी के जन्मदिन को देश के हर जिले में ‘किसान जवान सम्मान दिवस के रूप में मनाएगा। इस पहल के तहत पार्टी सैनिकों और किसानों के परिवारों को सम्मानित करेगी।

समाचार संकलनआपकी आवाज़ न्यूज़ डेस्क
संपादन एवं प्रकाशनआपकी आवाज़ न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button