आधे घंटे की जबरदस्त बारिश से तर-बतर हुआ शहर, बिजली गुल
बेमेतरा, 28 जुलाई। शाम 7.12 बजे से 7.40 बजे तक हुई जबरदस्त झमाझम बारिश ने पूरे शहर को तर-बतर कर दिया। अचानक शुरू हुई तेज बारिश से बस स्टैंड सहित मुख्य बाजार की सड़कों पर पानी भर गया।
बारिश शुरू होते ही शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जो समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी है। अंधेरे के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुकानों के सामने जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई। बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों को भी बारिश में भीगना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज बारिश के साथ हवाएं भी चल रही थीं। बिजली विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन समाचार लिखे जाने तक लाईट बंद रही।


