इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू

वैश्विक स्तर पर इबोला वायरस संक्रमण को लेकर बढ़ती चिंता के बीच छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। एहतियाती कदम उठाते हुए राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट पर विशेष जांच काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की ट्रैवल हिस्ट्री के साथ स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी

स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य कर दी गई है। किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर तत्काल आइसोलेशन और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक नोडल अधिकारी की भी नियुक्ति की है।

अफ्रीकी देशों में बढ़े मामले, WHO ने जताई चिंता

अफ्रीकी देशों, विशेषकर कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वैश्विक स्तर पर चिंता व्यक्त की है। इसके बाद भारत सहित कई देशों ने अपनी निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है।

हालांकि वर्तमान में भारत में इबोला वायरस संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें एहतियाती कदम उठा रही हैं।

केंद्र सरकार ने भी बढ़ाई निगरानी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हाल ही में स्पष्ट किया है कि देश में फिलहाल इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं है। इसके बावजूद एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और अन्य स्वास्थ्य एजेंसियों को सर्विलांस एवं टेस्टिंग के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने विदेश यात्रा से लौटने वाले यात्रियों से अपील की है कि यदि उन्हें बुखार, कमजोरी, उल्टी, दस्त या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और अपनी यात्रा संबंधी जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को उपलब्ध कराएं।

Back to top button