उर्वरक निरीक्षक ने मिलूपरा के कृषि केंद्र का किया औचक निरीक्षण, चौधरी इंटरप्राइजेज को थमाया कारण बताओ नोटिस

रायगढ़/तमनार: राज्य शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग तमनार द्वारा निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में तमनार विकास खंड के ग्राम मिलूपरा स्थित चौधरी इंटरप्राइजेज का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सामने आईं खामियां

निरीक्षण के दौरान कृषि केंद्र के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें कई दस्तावेज अपूर्ण पाए गए। इसके साथ ही, आयुषी क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड और यूलिंक एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड के उत्पादों से संबंधित लाइसेंस में आवश्यक पीसी (पेस्टिसाइड/उत्पाद संबंधी अनुमति) दर्ज नहीं होने की बात भी सामने आई।

प्रशासन की सख्त कार्रवाई

अनियमितताएं मिलने के बाद प्रशासन द्वारा संबंधित कृषि केंद्र (चौधरी इंटरप्राइजेज) को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही, उक्त दोनों कंपनियों के उत्पादों के विक्रय पर आगामी आदेश तक पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से निजी कृषि केंद्र संचालकों में हड़कंप की स्थिति मची हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण और नियमानुसार कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण व जांच की यह प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Back to top button