ऊर्जा, उत्साह और उमंग से सराबोर रहा एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल का वार्षिक खेल महोत्सव

बेमेतरा ।एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल, बेमेतरा में बुधवार को वार्षिक खेल महोत्सव 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही विद्यालय का खेल मैदान विद्यार्थियों के उत्साह, उमंग और खेल भावना से गूंजता रहा।

इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. शिव कुमार तिवारी, सहायक उप-प्राचार्या श्रीमती रचना शिवदासन, प्रधानाध्यापिका श्रीमती स्मृति शाही सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

दौड़, रिले और बाधा दौड़ में दिखा दम

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य गिरीश कुमार सहित अन्य अतिथियों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारों के विमोचन के साथ हुआ। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने विद्यालय ध्वज एवं अतिथियों को गरिमामय एस्कॉर्ट दिया। चारों हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासित और आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। मशाल प्रज्वलन और शपथ ग्रहण के बाद प्राचार्य के प्रेरक उद्बोधन से खेल महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

कार्यक्रम में शिक्षकों की विशेष प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। अनीता चौहान, सोनाली वर्मा और दीक्षा ठाकुर ने एरोबिक्स ड्रिल, अश्विनी राहाटे, सुष्मिता सुनेली सुना और सुनीता देवी ने ताली योग का सामूहिक प्रदर्शन किया। वहीं हिरेंद्र साहू, धनेश शुक्ला और मयंक चतुर्वेदी के मार्शल आर्ट्स प्रदर्शन ने सभी को रोमांचित कर दिया। शिक्षकों की मनोरंजक दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रही।

रमन हाउस बना ओवरऑल चैंपियन

खेल महोत्सव में कक्षा IV से XII तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न वर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर, 4×100 मीटर रिले और बाधा दौड़ का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अनुशासन, टीमवर्क और सच्ची खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

अंतरसदनीय मार्च-पास्ट प्रतियोगिता में भी रमन हाउस प्रथम रहा। भाभा हाउस को द्वितीय, कलाम हाउस को तृतीय और आर्यभट्ट हाउस को चतुर्थ स्थान मिला। विजेता विद्यार्थियों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संदेश में प्राचार्य गिरीश कुमार ने कहा कि खेल अनुशासन, धैर्य और सकारात्मक सोच सिखाते हैं, जो जीवन में सफलता की आधारशिला हैं।

ओवरऑल हाउस चैंपियनशिप में रमन हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब जीता। आर्यभट्ट हाउस दूसरे, भाभा हाउस तीसरे और कलाम हाउस चौथे स्थान पर रहा।

अंत में उप-प्राचार्य डॉ. शिव कुमार तिवारी ने सभी प्रतिभागियों और आयोजन समिति की सराहना करते हुए खेल महोत्सव के समापन की घोषणा की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

विद्यालय संचालिका श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि वार्षिक खेल दिवस विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देता है। उन्होंने शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Back to top button