
एनटीपीसी लारा में प्रेरिता महिला समिति का वार्षिकोत्सव उत्साह और उमंग के साथ संपन्न
रायगढ़। एनटीपीसी लारा की महिलाओं के सामाजिक संगठन प्रेरिता महिला समिति (PMS) का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर एवं समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री केशब चंद्र सिंघा रॉय, उपाध्यक्ष श्रीमती रूपा सिंघा रॉय सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
समाज सेवा के कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर ने समिति की वार्षिक कार्ययोजना प्रस्तुत की और समाज कल्याण से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की बात कही।
‘नृत्य धारा’ में चार युगों की झलक
सांस्कृतिक कार्यक्रम में “नृत्य धारा – युगों से आज तक” थीम पर महिलाओं ने शानदार प्रस्तुति दी। इसमें सत्ययुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलयुग की झलक को खूबसूरती से दर्शाया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य, पंजाबी और हरियाणवी डांस के साथ पुराने फिल्मी गीतों पर रेट्रो डांस ने दर्शकों का मन मोह लिया।
गेम्स और मनोरंजन से बढ़ी रौनक
इस अवसर पर कर्मचारियों के लिए आयोजित मनोरंजक गेम्स ने कार्यक्रम में उत्साह और हंसी का माहौल बना दिया, जिससे पूरा आयोजन और भी यादगार बन गया।
मुख्य अतिथि ने की सराहना
मुख्य अतिथि श्री सुभाष ठाकुर ने प्रेरिता महिला समिति द्वारा किए जा रहे सामुदायिक विकास कार्यों की सराहना की और इन्हें और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या मिश्रा, तृप्ति पायगी, महासचिव श्रीमती ममता साहू सहित सभी सदस्याएं और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वार्षिकोत्सव के इस आयोजन ने न केवल सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति समिति की प्रतिबद्धता को भी मजबूती से सामने रखा।


