एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट संजू देवी से CM साय की मुलाकात, 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का ऐलान
रायपुर, 29 सितंबर 2026। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के दौरान सीएम साय ने संजू देवी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
फाइनल में ईरान को हराकर जीता गोल्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। संजू देवी इस स्वर्ण पदक विजेता टीम की सदस्य रहीं।
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभव और भारतीय महिला कबड्डी टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। उन्होंने संजू की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश का गौरव बढ़ाया
सीएम साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
संजू देवी ने जताया आभार
संजू देवी ने मुख्यमंत्री से मिले सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतने के बाद संजू देवी से फोन पर भी बातचीत कर उन्हें बधाई दी थी।

