एशियन गेम्स में भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया, महिला टेबल टेनिस टीम क्वार्टर फाइनल में
नागोया। आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया। ग्रुप एफ के इस मुकाबले में भारत की सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला ने अपने-अपने मुकाबले सीधे गेम में जीतकर टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।
सुतीर्था ने दिलाई भारत को शुरुआती बढ़त
मुकाबले के पहले मैच में सुतीर्था मुखर्जी का सामना पाकिस्तान की अलीना खान से हुआ। सुतीर्था ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और मुकाबला 11-3, 11-3, 11-4 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली।
17 साल की सिंड्रेला दास ने बढ़त 2-0 की
दूसरे मुकाबले में भारत की 17 वर्षीय सिंड्रेला दास ने कलसूम खान के खिलाफ खेलते हुए लगातार तीन गेम जीते। सिंड्रेला ने यह मुकाबला 11-6, 11-7, 11-5 से जीतकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।
श्रीजा अकुला ने किया पाकिस्तान का सफाया
तीसरे मैच में श्रीजा अकुला के सामने फातिमा खान थीं। श्रीजा ने भी सीधे तीन गेम में 11-4, 11-4, 11-5 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया।
ग्रुप एफ में लगातार तीसरी जीत
पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत की ग्रुप एफ में लगातार तीसरी जीत है। भारतीय टीम ने इससे पहले इंडोनेशिया और सिंगापुर को भी हराया था। तीन जीत के साथ भारत ग्रुप में शीर्ष पर रहा और अब क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में हो रहा है और प्रतियोगिता 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगी।











