ऑपरेशन प्रहार में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 टन अवैध कबाड़ जब्त

रायगढ़, 8 मई 2026: रायगढ़ जिले में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जामगांव क्षेत्र में दो 6 चक्का माजदा वाहनों से करीब 27 टन लोहे और टिना का स्क्रैप जब्त किया है।

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त स्क्रैप की कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है, जबकि वाहनों समेत कुल जब्ती लगभग 16 लाख 80 हजार रुपये की आंकी गई है।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से दो माजदा वाहनों में भारी मात्रा में लोहा और टिना का स्क्रैप लोड कर जामगांव की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जामगांव के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

मौके पर वाहन क्रमांक CG 04 PC 9120 और CG 10 BQ 0292 में भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला।


दोनों वाहनों से 27 टन स्क्रैप बरामद

जांच के दौरान पहले वाहन से करीब 12,780 किलोग्राम और दूसरे वाहन से करीब 14,560 किलोग्राम लोहे एवं टिना का स्क्रैप बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अरमान अहमद और रमजान खान निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश बताया।


वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा स्क्रैप परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद दोनों वाहनों, स्क्रैप और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया।

आरोपियों के खिलाफ धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार कार्रवाई

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक श्रीराम साहू, आरक्षक संदीप कौशिक और मिनकेतन पटेल की सक्रिय भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि कबाड़ चोरी, अवैध खरीद-फरोख्त और बिना दस्तावेज परिवहन जैसे अपराध चोरी की घटनाओं को बढ़ावा देते हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे संगठित अपराधों पर लगातार नजर रखे हुए है और अवैध कबाड़ कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button