‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुए के फड़ से 9 जुआरी गिरफ्तार

मुंगेली, 24 मई 2026। मुंगेली पुलिस ने जुए के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लोरमी थाना क्षेत्र में जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से 36 हजार 500 रुपए नकद, 7 मोबाइल फोन और 6 बाइक जब्त की गई हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 39 हजार रुपए बताई जा रही है।


शिकायत मिलने पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 मई 2026 को उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और लोरमी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नवागांव वेंकट के खार खेत में कुछ लोग काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश देकर सभी आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।


ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में मनोज अहिरवार (38), लवसिंह राजपूत (35), हेमंत रात्रे (26), अजय टंडन (21), लक्ष्मीनारायण कश्यप (31), मुकेश जायसवाल (32), सूरज सतनामी (35), मनीष लोधी (32) और बलराम निषाद (32) शामिल हैं।


नकदी, मोबाइल और बाइक जब्त

पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 36,500 रुपए नकद, 7 मोबाइल फोन और 6 बाइक जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत बाउंड ओवर कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया है।


अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई

मुंगेली पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

Back to top button