“ऑपरेशन शंखनाद” का असर: भूपदेवपुर में गौवंश तस्करी नाकाम, स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हुए तस्कर

रायगढ़, 30 अप्रैल 2026। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत भूपदेवपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने तस्करों की एक कोशिश को विफल करते हुए वाहन में ठूसकर ले जाए जा रहे गौवंश को मुक्त कराया, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।


घेराबंदी देख वाहन छोड़कर भागे तस्कर

जानकारी के अनुसार 28-29 अप्रैल की दरम्यानी रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कछार क्षेत्र में एक लाल रंग की स्कॉर्पियो में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की।

पुलिस और डायल 112 वाहन को देखते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन वाहन खेत की मेड़ में फंस गया, जिसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए।


अमानवीय हालत में मिले गौवंश

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो गौवंश बिना चारा-पानी के, पैर बांधकर अत्यंत अमानवीय स्थिति में पाए गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें मुक्त कराया और पशु चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उनके लिए उचित व्यवस्था की गई।

मौके से एक Realme कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जो जांच में अहम कड़ी साबित हो सकता है।


फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने स्कॉर्पियो में मोटरसाइकिल का फर्जी नंबर प्लेट लगा रखा था, जिससे पहचान छिपाई जा सके। पुलिस अब वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

मामले में थाना भूपदेवपुर में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


ऑपरेशन शंखनाद का दिख रहा असर

रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है और कई मामलों में आरोपी सरेंडर भी कर रहे हैं।


एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी जैसे अपराधों पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पूरी कार्रवाई एसएसपी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग एवं टीम द्वारा की गई।

Back to top button