ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 गौवंश मुक्त; एक आरोपी गिरफ्तार….
बगीचा, जशपुर | 12 अक्टूबर 2026 | आपकी आवाज न्यूज़
कंटेनर में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे गौवंश, दो की मौत; तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और रेकी करने वाली कार जब्त
जशपुर। गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम खंटाडांड़ में एक कंटेनर ट्रक से 65 गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गौवंशों को कंटेनर में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिनमें से दो की मृत्यु हो चुकी थी। मामले में झारखंड के गुमला जिले के निवासी रेहान अंसारी (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 को जब्त कर लिया है। इसके अलावा, गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने के संदेह में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की गई है। कार से संबंधित एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर की ओर से एक कंटेनर ट्रक में भारी संख्या में गौवंश भरकर बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत तथा थाना बगीचा की टीम ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान 10 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे संदिग्ध कंटेनर वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए ग्राम खंटाडांड़ में कंटेनर को रोक लिया।
कंटेनर में मिले 65 गौवंश, दो की हो चुकी थी मौत
कंटेनर की तलाशी के दौरान कुल 65 गौवंश बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, पशुओं को बेहद अमानवीय परिस्थितियों में भरा गया था। इनमें से दो गौवंश मृत पाए गए। चालक ने पूछताछ में अपना नाम रेहान अंसारी, निवासी ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड बताया। पुलिस द्वारा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गौवंशों को बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत गौवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर कंटेनर ट्रक जब्त कर लिया गया।
गौ-तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि गौवंशों को अंबिकापुर की ओर से झारखंड ले जाया जा रहा था। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी मिली है, जिसके आधार पर उनकी पहचान और तलाश की जा रही है।
गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने के संदेह में मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 को भी जब्त किया गया है। कार से संबंधित फरार आरोपी की तलाश जारी है।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 264/26 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
जनवरी से अब तक 1108 गौवंश मुक्त, 131 आरोपी गिरफ्तार
जशपुर पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जनवरी 2026 से अब तक गौवंश तस्करी के 98 मामलों में कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुल 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया, 131 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया तथा तस्करी में प्रयुक्त 36 वाहनों को जब्त किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंशों के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उप निरीक्षक विवेक भगत, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज, आरक्षक आशीष तिर्की, रमेश गृही एवं सुधीर मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्रोत: जशपुर पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति।
आपकी आवाज न्यूज़ | सच की बात, सबके साथ।
