कलेक्टर  ने आरटीपीसीआर सैम्पल की जांच हेतु निर्मित किये जा रहे वायरोलॉजी लैब का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का किया अवलोकन

लैब संचालन हेतु आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन को दिए निर्देश, कलेक्टर ने निर्माण कार्य को समान्तर रूप से करते हुए जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए किया निर्देशित

जशपुरनगर 30 अप्रैल 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे  ने आज जशपुर के डोड़काचैरा के मॉडल स्कूल के पीछे बने नव साइंस लैब भवन में निर्मित किये जा रहे वायरोलॉजी लैब का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का अवलोकन किया। इस अवसर पर  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस. मंडावी, एसडीएम जशपुर सुश्री आकांक्षा त्रिपाठी, सिविल सर्जन श्रीमती एफ. खाखा,  सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने लैब निर्माण की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि  जिले में आरटीपीसीआर सैंपल की जांच की सुविधा हेतु वायरोलॉजी लैब का निर्माण किया जा रहा है। लैब के निर्माण से जिले में ही आरटीपीसीआर जांच की सुविधा मिल पाएगी। इसलिए लैब निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने लैब संचालित करने के लिए लैब टेक्नीशियन, माईक्रोबायोलॉजिस्ट सहित अन्य आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यथाशीध्र कर्मचारियों का चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यक  प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।  उन्होंने कहा कि लैब का संचालन यथाशीघ्र होना है । इस हेतु आवश्यक सभी कार्य समय पर पूर्ण कर ले । जिससे लैब के प्रारंभ करने में किसी प्रकार का परेशानी न हो।
कलेक्टर ने कार्यपालन अभियन्ता को जल्द से जल्द लैब में मशीनों के संचालन के लिए उच्च विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। श्री भगत ने बताया कि सीजीएमएससी से मांग पत्र प्राप्त हो गया है। दो दिन के अंदर लैब हेतु ट्रांसफॉर्मर लगा दिया जाएगा।  वर्तमान में लैब में पार्टिशियन, वायरिंग, टाईल्स लगाने,  शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्य समान्तर रूप से किया जा रहा है। कलेक्टर ने वायरिंग के साथ साथ ही इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए भी वायर बिछाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्य को समांतर रूप से संपादित करते हुए पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button