काला सागर में व्यावसायिक जहाज पर हमले में भारतीय नाविक की मौत, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

विदेश मंत्रालय ने कहा- नागरिक जहाजों पर हमला अस्वीकार्य, दो अन्य भारतीय सुरक्षित

नई दिल्ली, 25 जुलाई। काला सागर (ब्लैक सी) में एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। घटना के बाद भारत सरकार ने इस हमले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए नागरिक जहाजों पर हमले को अस्वीकार्य बताया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह हमला 18 जुलाई को ब्लैक सी से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाज एमवी ओमोरफी (MV OMORFI) पर हुआ था। हमले में एक भारतीय नाविक की जान चली गई, जबकि जहाज पर मौजूद दो अन्य भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। घटना के बाद भारत सरकार संबंधित पक्षों के संपर्क में है और मामले पर राजनयिक स्तर पर आवश्यक कदम उठा रही है।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। भारत ने सभी पक्षों से समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बनाए रखने की अपील की है।

ब्लैक सी क्षेत्र में रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच हाल के दिनों में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।

Back to top button