किरंदुल में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जज्बा: कारगिल विजय दिवस पर अमर शहीदों को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि

किरंदुल। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), किरंदुल शाखा द्वारा गांधी भवन (इंटक श्रमिक सदन) में रविवार सायंकाल एक भव्य एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और अमर शहीदों को पुष्प एवं मोमबत्तियों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के चित्र पर मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (एम एंड एस) एम. सुब्रमण्यम, यूनियन अध्यक्ष विनोद कश्यप एवं नगरपालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी द्वारा माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, यूनियन पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित कर मोमबत्तियाँ जलाते हुए वीर शहीदों को नमन किया।
इसके पश्चात सभी ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान गांधी भवन राष्ट्रप्रेम, गर्व और सम्मान की भावना से सराबोर नजर आया।
सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के सचिव ए.के. सिंह ने कहा कि 26 जुलाई 1999 भारतीय इतिहास का स्वर्णिम दिन है, जब भारतीय सेना के वीर जवानों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर कारगिल की चोटियों पर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि यह विजय देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है तथा शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “अमर शहीद अमर रहें” और “जय हिंद” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर टाउन इंस्पेक्टर संजय कुमार यादव, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पार्षद बाल सिंह, पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजू रेड्डी, पार्षद अमृत टंडन, पार्षद ईला पटेल, एनएमडीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी अधिकारी कल्याण समिति के अध्यक्ष डी.आर. यादव सहित यूनियन पदाधिकारी, सदस्य, सुरक्षा कर्मी, पत्रकार एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Back to top button