किरंदुल में बिटीओ चुनाव का बिगुल बजा, मनोज सिंह और उमेश सिंह पैनल में कड़ी टक्कर के आसार



*सर्वजन हिताय – सर्वजन सुखाय के नारे के साथ मनोज सिंह पैनल का तूफानी प्रचार*

किरंदुल, दंतेवाड़ा। बैलाडीला ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन (बिटीओ) के वार्षिक चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। एनएमडीसी किरंदुल और बचेली से निकलने वाले लौह अयस्क को देश के विभिन्न प्रदेशों में ट्रकों के माध्यम से परिवहन करने वाले ट्रक मालिकों की प्रमुख संस्था बिटीओ का वार्षिक चुनाव 20 सितंबर को संपन्न होगा।

बिटीओ की वार्षिक आमसभा 30 अगस्त को आयोजित हुई थी, जिसमें चुनाव की तिथि पर मुहर लगी थी। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर को नामांकन पत्र प्राप्त करने और 10 सितंबर को नामांकन पत्र जमा करने की तिथि निर्धारित की गई है। 11 सितंबर को नाम वापसी, 12 सितंबर को स्क्रूटनी एवं चुनाव चिन्ह का आबंटन किया जाएगा। 20 सितंबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।

नगर में मानसून की अंतिम मूसलाधार बारिश के बीच चुनावी चर्चा भी तेज हो गई है। इस बार चुनाव में दो पैनलों के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। एक तरफ मनोज सिंह पैनल है जो “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय – फिर एक बार मनोज सिंह सरकार” के नारे के साथ तूफानी प्रचार में जुटा है, तो दूसरी तरफ उमेश सिंह गौतम पैनल पूरी मजबूती से मैदान में है।

रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद दोनों पैनलों के समर्थक और प्रत्याशी ट्रक मालिकों से लगातार संपर्क कर रहे हैं। फिलहाल चुनावी समीकरण को देखते हुए मनोज सिंह पैनल और उमेश सिंह पैनल के बीच कांटे की टक्कर के आसार नजर आ रहे हैं।

Back to top button