
कोरबा में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर भालुओं का हमला, दोनों घायल
कोरबा, 9 मई 2026: कोरबा जिले के करतला वन मंडल अंतर्गत पीडिया गांव के पास जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर शुक्रवार दोपहर दो भालुओं ने हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान पीडिया निवासी कन्हैयालाल राठिया (45) और किरण (15) के रूप में हुई है। दोनों को ग्रामीणों की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेंदूपत्ता तोड़ते समय अचानक हुआ हमला
घायल कन्हैयालाल राठिया ने बताया कि वे जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ रहे थे, तभी अचानक दो बड़े भालुओं ने उन पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि उनके चिल्लाने पर एक भालू वहां से भाग गया, लेकिन दूसरा भालू पास में तेंदूपत्ता तोड़ रही किशोरी किरण पर हमला करने लगा।
आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा।
समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस
कन्हैयालाल ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण का यह दूसरा दिन था, जब यह घटना हुई। हादसे के बाद सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंच सकी।
इसके बाद ग्रामीणों ने निजी वाहन की मदद से घायलों को कुछ दूरी तक पहुंचाया, जहां बाद में सरकारी एंबुलेंस मिली और दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
वन विभाग ने दी तत्काल सहायता
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।
वन विभाग की ओर से दोनों घायलों को तत्काल 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है।


