कोरबा में बालको प्रबंधन और प्रभावित ग्रामीणों के बीच बनी सहमति: 15 साल से लंबित रोजगार और पुनर्वास की मांग पूरी, खत्म हुआ चक्काजाम

कोरबा जिले के बालको नगर स्थित शांतिनगर और रिंग रोड क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से लंबित रोजगार, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया है। तीखी बहस और ग्रामीणों द्वारा किए गए चक्काजाम के बाद बालको प्रबंधन और प्रभावित परिवारों के बीच हुई लंबी चर्चा के दौरान कुल 6 प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

कूलिंग टॉवर और राखड़ प्रभावित परिवारों को राहत

बालको के कूलिंग टॉवर, राखड़ और कोल यार्ड से प्रभावित शांतिनगर तथा रिंग रोड के निवासी लंबे समय से पुनर्वास और क्षेत्र के विकास की गुहार लगा रहे थे। मांगें पूरी न होने पर ग्रामीणों ने बालको के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। इस दौरान कूलिंग टॉवर से प्रभावित 80 चिन्हित परिवारों के अलावा रिंग रोड व न्यू शांतिनगर के निवासियों और बालको प्रबंधन के बीच हुई वार्ता में लिखित सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। सहमति के अनुसार, छूटे हुए परिवारों के मामले में प्रबंधन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करेगा। साथ ही, प्रभावित इलाके का 15 दिन के भीतर सर्वे कर छत्तीसगढ़ भूमि अधिग्रहण पुनर्वास नीति के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

युवाओं को रोजगार और 60 दिनों में विकास कार्य पूरा करने का वादा

समझौते के तहत प्रभावित शांतिनगर और रिंग रोड के स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार और ठेकेदारी के कार्यों में प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करते हुए रिंग रोड में सड़क चौड़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था का कार्य 60 दिन के भीतर पूरा किया जाएगा। बालको जोन कार्यालय से रिस्टा चौक तक बैरिकेडिंग मार्ग या डामरीकरण और नाली का निर्माण भी अगले 60 दिनों में कराया जाएगा। साथ ही, सीएसआर (CSR) फंड के माध्यम से शांतिनगर बस्ती में हर साल विधिवत विकास कार्य कराए जाने पर भी सहमति बनी है।

प्रशासनिक मुस्तैदी और ग्रामीणों में संतोष

15 साल बाद अपनी मांगें पूरी होने पर इलाके के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रबंधन इस बार अपने वादों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करेगा। इस पूरे घटनाक्रम और आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी अपने पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर मुस्तैद रहे।

Back to top button