क्षतिग्रस्त पुल से 20 फीट नीचे गिरा बाइक सवार, सिर में गंभीर चोट लगने से मौत

रायगढ़।

[img-slider id="274450"]
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपनी मोटरसाइकिल सहित लगभग 20 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक बाइक से रायगढ़ से घरघोड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चिराईपानी पहाड़ के पास स्थित क्षतिग्रस्त पुल पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित पुल से नीचे जा गिरा।

हादसे में युवक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान मृतक की पहचान जयप्रकाश (35 वर्ष), निवासी ग्राम पाकुट, थाना लैलूंगा के रूप में हुई।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

लंबे समय से जर्जर है पुल

स्थानीय लोगों ने बताया कि चिराईपानी क्षेत्र का यह पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त स्थिति में है। पुल के दोनों ओर तीव्र मोड़ होने के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक पुल की मरम्मत या सुरक्षा संबंधी पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है।

लोगों ने प्रशासन से पुल की तत्काल मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

Back to top button