
किरंदुल= रंगों के त्योहार होली की आहट के साथ ही नगर के गांधीनगर क्षेत्र में होली बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। बाजार में जगह-जगह सजी दुकानों पर रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल, आकर्षक पिचकारियां, बच्चों के लिए कार्टून थीम वाले रंगीन खिलौने, हर्बल कलर और होली स्पेशल वस्त्र ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं।
गांधीनगर की मुख्य सड़क पर सुबह से ही खरीददारों की भीड़ देखी जा रही है। खासकर बच्चों और युवाओं में रंग-बिरंगी पिचकारियों और नए डिजाइन के गुलाल की जबरदस्त मांग है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार बाजार में हर्बल और स्किन-फ्रेंडली रंगों की मांग अधिक है, जिससे त्योहार सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाया जा सके।
महिलाएं भी घर की सजावट और पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटी नजर आईं। बाजार में गुझिया बनाने के सांचे, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री भी बढ़ गई है।
व्यापारियों के मुताबिक होली को लेकर इस वर्ष बाजार में अच्छी रौनक है और आने वाले दो-तीन दिनों में भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। गांधीनगर का यह होली बाजार न केवल स्थानीय लोगों बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
नगर में त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल है और हर ओर रंगों की खुशबू बिखरने लगी है।




