
रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम छर्राटांगर और ग्राम पाकादरहा के बीच कुरकुट नदी पर उच्चस्तरीय पुल तथा पहुंच मार्ग के निर्माण को राज्य शासन ने प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्रालय से 23 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
16 करोड़ 34 लाख 83 हजार रुपये की मिली मंजूरी
वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस कार्य के लिए 1634.83 लाख रुपये (16 करोड़ 34 लाख 83 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। यह स्वीकृति वित्त विभाग की सहमति के आधार पर जारी की गई है।
निविदा, भूमि और गुणवत्ता को लेकर शर्तें तय
आदेश के तहत निर्माण कार्य के लिए तकनीकी स्वीकृति, ड्राइंग-डिजाइन अनुमोदन, निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने और सामग्री व निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने सहित विभिन्न शर्तें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा कार्य से जुड़ी जानकारी गतिशक्ति पोर्टल व सीजी जिओ पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
भू-अर्जन और आगे की प्रक्रिया
प्रस्ताव के अनुसार भू-अर्जन की स्थिति में स्वीकृत सीमा के भीतर ही विधिवत प्रक्रिया और राजस्व विभाग से परीक्षण के बाद कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।