
सुकमा। कभी घुटनों के बल चलने को मजबूर रहीं सुकमा जिले की दीपिका नाग ने बोन टीबी (हड्डी की टीबी) को मात देकर नई उपलब्धि हासिल की है। छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम बकुलाघाट की रहने वाली दीपिका अब जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रही हैं। वर्ष 2020 में गंभीर बीमारी के कारण उनके लिए अपने पैरों पर खड़ा होना भी मुश्किल था। करीब दो साल तक चले निःशुल्क उपचार के बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ और वह फिर से चलने- दौड़ने लगीं।
2020 में गंभीर हालत में पहुंची थीं जिला अस्पताल
वर्ष 2020 में गंभीर शारीरिक परेशानी के चलते दीपिका को जिला अस्पताल, सुकमा लाया गया था। उस समय वह अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पाती थीं और घुटनों के बल चलने को मजबूर थीं। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा ने जांच के बाद उन्हें बोन टीबी से पीड़ित पाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका उपचार जिले में ही शुरू किया। दीपिका को करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रखकर निगरानी में इलाज दिया गया।
करीब दो साल चला निःशुल्क उपचार
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में दीपिका का लगभग दो वर्षों तक निःशुल्क उपचार चला। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत उन्हें नियमित जांच के साथ पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता भी मिली। उपचार के दौरान उनका वजन करीब 15 किलोग्राम बढ़ा और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हुआ। धीरे-धीरे वह अपने पैरों पर खड़ी होने लगीं और चलने-फिरने के साथ दौड़ने में भी सक्षम हुईं।
बीमारी को हराकर नवोदय विद्यालय में हासिल किया प्रवेश
स्वास्थ्य में सुधार के बाद दीपिका ने पढ़ाई जारी रखी और जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्तमान में वह विद्यालय में कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। बीमारी से उबरने के बाद शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना उनकी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
घर पहुंचकर किया गया स्वास्थ्य फॉलोअप
प्रशासन की ओर से दीपिका के स्वास्थ्य की निगरानी भी जारी है। हाल ही में दिवाली की छुट्टियों के दौरान जिला टीबी समन्वयक जयनारायण सिंह उनके घर फॉलोअप के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दीपिका को वर्ष 2020 की वह पुरानी तस्वीर दिखाई, जब वह अस्पताल में भर्ती थीं। अपनी पुरानी स्थिति की तस्वीर देखकर दीपिका भावुक हो गईं।
दीपिका और उनके परिवार ने बेहतर उपचार और सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। गंभीर बीमारी से उबरकर पढ़ाई जारी रखने वाली दीपिका की कहानी सुकमा के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

