छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, सालभर की परीक्षाओं की तारीखें तय
भर्ती से लेकर प्रवेश परीक्षाओं तक का शेड्यूल जारी, TET और SET की तारीख भी घोषित
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने वर्ष 2027 का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के साथ प्रोफेशनल कोर्स की प्रवेश परीक्षाओं, शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) और राज्य पात्रता परीक्षा (SET) की तारीखें भी शामिल हैं।
जनवरी से शुरू होगा परीक्षाओं का सिलसिला
कर्मचारी चयन मंडल के कैलेंडर के मुताबिक वर्ष 2027 में परीक्षाओं की शुरुआत 10 जनवरी को समूह-2 के उप समूह-2 की परीक्षा से होगी। इसके बाद 14 मार्च को समूह-1, 4 अप्रैल को समूह-6 उप समूह-2 और 18 अप्रैल को समूह-3 उप समूह-3 की परीक्षा प्रस्तावित है।
मई-जून में होंगी कई प्रवेश परीक्षाएं
मई और जून के दौरान प्रवेश परीक्षाओं का सिलसिला रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:
- 2 मई – PPT और Pre B.Ed
- 9 मई – PET और Pre M.Sc Nursing
- 23 मई – PPHT और Pre Post Basic Nursing
- 30 मई – Pre D.El.Ed
- 6 जून – Pre MCA और Pre B.Sc Nursing
- 13 जून – PAT/PVPT
इन तारीखों के जारी होने से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की योजना पहले से बनाने में सुविधा होगी।
भर्ती परीक्षाओं के लिए भी तारीखें घोषित
भर्ती परीक्षाओं के दूसरे चरण में 11 जुलाई को समूह-2 उप समूह-3, 25 जुलाई को समूह-5 और 29 अगस्त को समूह-6 उप समूह-1 की परीक्षा प्रस्तावित है।
इसके बाद 26 सितंबर को TET और 3 अक्टूबर को SET आयोजित करने की तारीख तय की गई है। अक्टूबर में ही 17 अक्टूबर को समूह-2 उप समूह-1 की परीक्षा होगी। नवंबर में 21 नवंबर को समूह-7 और दिसंबर में 12 दिसंबर को समूह-4 की परीक्षा प्रस्तावित है।
तीन तारीखें आकस्मिक परीक्षाओं के लिए सुरक्षित
कर्मचारी चयन मंडल ने वर्ष 2027 में 19 सितंबर, 28 नवंबर और 19 दिसंबर को आकस्मिक परीक्षाओं के लिए आरक्षित रखा है। यदि कैलेंडर जारी होने के बाद किसी विभाग की ओर से अतिरिक्त परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव आता है, तो जरूरत के अनुसार इन तारीखों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पहली बार वार्षिक कैलेंडर की नई व्यवस्था
व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) का नाम बदलकर कर्मचारी चयन मंडल किए जाने के बाद यह पहला वार्षिक परीक्षा कैलेंडर है। यह व्यवस्था संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तर्ज पर सालभर की परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम पहले से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
अभ्यर्थियों को नोटिफिकेशन का भी करना होगा इंतजार
कैलेंडर में तारीखें घोषित होने के बावजूद अभ्यर्थियों को संबंधित परीक्षा का अलग से जारी होने वाला आधिकारिक विज्ञापन और नोटिफिकेशन जरूर देखना होगा। मंडल ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों के अनुसार कैलेंडर में घोषित तारीखों में बदलाव संभव है।
2027 का यह कैलेंडर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब वे परीक्षा की संभावित तारीखों को ध्यान में रखते हुए अपनी पढ़ाई और रिवीजन की रणनीति पहले से तैयार कर सकेंगे।












