रायपुर: ग्राम नकटी में फिर बेदखली की तैयारी, वार्ड 16 और 17 में भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नकटी में एक बार फिर बेदखली की कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। प्रशासन ने वार्ड क्रमांक 16 और 17 को खाली कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। रविवार देर रात राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची। इलाके में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे प्रशासन द्वारा कभी भी कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इससे पहले शुक्रवार रात मुहर्रम अवकाश के बावजूद राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी। अधिकारियों ने वार्ड 16 और 17 के मकानों पर बेदखली संबंधी नोटिस चस्पा किए। नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि शासकीय है और उस पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बनाए गए हैं। इसी आधार पर कब्जाधारियों को भूमि खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

वहीं, ग्रामीणों का दावा है कि वे कई वर्षों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह भूमि ग्राम नकटी का हिस्सा है और यहां कई परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी स्वीकृत हुए हैं। ऐसे में अब इस भूमि को शासकीय बताकर बेदखल करने की कार्रवाई उचित नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड 16 और 17 में करीब 48 मकान हैं। पहले यह भूमि गांव की निस्तारी भूमि थी, लेकिन समय के साथ यहां आबादी बस गई और बाद में यह क्षेत्र गांव की आबादी में शामिल हो गया। उनका आरोप है कि प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए इस भूमि को योजना में शामिल किए जाने के बाद अब बेदखली की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी जिला प्रशासन ने इन परिवारों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे। उस समय ग्रामीणों के विरोध और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई रोक दी गई थी। अब एक बार फिर नोटिस जारी होने और भारी पुलिस बल की तैनाती से गांव में तनाव का माहौल है। फिलहाल ग्रामीण अपने घरों को लेकर चिंतित हैं, जबकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Back to top button