छत्तीसगढ़ में अब ट्रेनिंग के साथ ‘जीने की कला’ सीखेंगे अधिकारी-कर्मचारी, सरकार ने आर्ट ऑफ लिविंग से किया समझौता

रायपुर, 22 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण को लेकर नई पहल की है। अब सरकारी कामकाज से जुड़ी ट्रेनिंग के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों को योग, प्राणायाम, ध्यान और तनाव प्रबंधन जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के साथ एमओयू किया है।

प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों में होगा आयोजन

सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी विभागों, विभागाध्यक्षों और कलेक्टरों को इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, पुलिस प्रशिक्षण संस्थान और लेखा प्रशिक्षण शाला समेत विभिन्न प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों को आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए अधिकृत किया गया है।

योग, ध्यान और प्राणायाम का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में दैनिक अभ्यास के लिए छोटे और मध्यम स्तर के योगासन, योग, प्राणायाम और ध्यान को शामिल किया गया है। इसके अलावा एकाग्रता और विश्राम के लिए श्वास नियंत्रण, शरीर-श्वास-मन के संबंध को समझने तथा सुदर्शन क्रिया जैसी गतिविधियों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सरकार का यह कदम अधिकारियों-कर्मचारियों पर बढ़ते कार्य दबाव के बीच उन्हें तनाव और मानसिक थकान से निपटने में मदद करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Back to top button