
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश, 17 मई से हीटवेव की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश, 17 मई से हीटवेव की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में सुबह से बारिश
रायपुर में शुक्रवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। शहर में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
17 मई से हीटवेव की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कई इलाकों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर नहीं रुकने की अपील की है।


