छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

H1N1 के मामलों पर स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट रहने कहा, संदिग्ध मरीजों की पहचान और रिपोर्टिंग पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसमी फ्लू और H1N1 संक्रमण के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। प्रदेश के सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को संक्रमण की निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलों में स्वास्थ्य व्यवस्था को तैयार रखने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में H1N1 से संबंधित मामलों पर लगातार नजर रखने के लिए कहा है। अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने और संभावित मरीजों की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

संदिग्ध मामलों की रिपोर्टिंग होगी जरूरी

विभाग ने H1N1 से जुड़े मामलों की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य संस्थानों से प्राप्त जानकारी को निर्धारित पोर्टल पर दर्ज करने के साथ संदिग्ध और पुष्ट मरीजों की निगरानी करने को कहा गया है।

इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें

स्वाइन फ्लू में आमतौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। सांस लेने में परेशानी या लक्षण गंभीर होने पर मरीज को तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत होती है।

हाई रिस्क समूह पर विशेष नजर

स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे लोगों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी है, जिन्हें संक्रमण के दौरान गंभीर बीमारी का खतरा अधिक हो सकता है। इनमें छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोग शामिल हैं।

गंभीर मरीजों के लिए अस्पतालों में तैयारी

स्वास्थ्य संस्थानों को गंभीर स्थिति वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन सहित अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीज की स्थिति के अनुसार अस्पताल में भर्ती करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

संक्रमित के संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी

H1N1 संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी में संक्रमण से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर समय रहते जांच और उपचार कराने पर जोर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

विभाग ने लोगों से फ्लू जैसे लक्षण होने पर लापरवाही नहीं बरतने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमण की स्थिति में दूसरों से दूरी रखने जैसे सामान्य बचाव उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग का जोर संक्रमण की जल्द पहचान, मरीजों के उचित उपचार और जिलों में निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने पर है।

Back to top button