जम्मू-कश्मीर के बारामूला में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.6 रही तीव्रता
श्रीनगर, 13 जुलाई। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई।
भूकंप रात करीब 2:00 बजे आया, जिसका केंद्र बारामूला क्षेत्र में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है और यहां समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। इसी वर्ष फरवरी में भी बारामूला जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।



