जशपुर : खाद दुकानों पर छापेमारी, दो दुकानों को नोटिस; तय दर पर खाद खरीदने की अपील

जशपुरनगर, 15 अप्रैल। खरीफ विपणन वर्ष की शुरुआत के साथ ही जिले में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। लक्ष्य के मुकाबले अब तक पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण किया गया है और किसानों को वितरण भी शुरू हो चुका है।


11 हजार मे.टन से अधिक खाद का भंडारण

जिले में कुल 26,675 मीट्रिक टन उर्वरक के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 11,306 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया जा चुका है। वहीं 149 मीट्रिक टन खाद का वितरण किसानों को किया गया है।


निरीक्षण में मिली अनियमितताएं

कृषि विभाग की टीम ने पत्थलगांव विकासखंड के कोतबा और बागबहार क्षेत्र में उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो दुकानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

जांच में सामने आया कि दुकानों में न तो विक्रय दर प्रदर्शित की गई थी और न ही स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर का सही संधारण किया जा रहा था। साथ ही किसानों को बिल और रसीद भी नहीं दी जा रही थी।


दो दुकानों को कारण बताओ नोटिस

अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उर्वरक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


किसानों से सावधानी बरतने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित शासकीय दर पर ही उर्वरक खरीदें और हर खरीद पर रसीद अवश्य लें। यदि किसी प्रकार का जबरन उत्पाद (जैसे नैनो यूरिया या अन्य सामग्री) साथ में दिया जा रहा हो तो इसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें।


जिले में 187 दुकानों पर निगरानी

प्रशासन ने जिले की 187 निजी और शासकीय उर्वरक दुकानों पर निगरानी के लिए मैदानी अमले की ड्यूटी लगाई है। कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक कीमत वसूली जैसे मामलों को रोकने के लिए लगातार निरीक्षण जारी रहेगा।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक समय पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button