जशपुर : बगिया में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बगिया स्थित अपने कैम्प कार्यालय में आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न मांगों और परेशानियों को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष आवेदन सौंपे।
लोगों ने इलाज के लिए सहायता, आर्थिक मदद और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने आवेदकों की बातें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरती जाए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।























































