जांजगीर-चांपा: करोड़ों की शेयर ट्रेडिंग ठगी के फरार आरोपी पर गृह मंत्रालय का लुक आउट सर्कुलर जारी

न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई, आरोपी की सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश लगातार की जा रही है और आम नागरिकों से भी उसके संबंध में जानकारी साझा करने की अपील की गई है।

शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का दिया था लालच

पुलिस के मुताबिक, पीयूष जायसवाल (21) निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर बड़ी रकम निवेश कराई और बाद में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी कर फरार हो गया।

कई मामलों में दर्ज हैं प्रकरण

पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 406 और 34 तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया गया था, लेकिन इसके बाद से वह लगातार न्यायालय में अनुपस्थित है।

कई अदालतों से जारी हैं गिरफ्तारी वारंट

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना चांपा के मामले में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी है। इसके अलावा बिलासपुर की अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम (धारा 138) के तहत तथा कोरबा की अदालत में भी कई प्रकरणों में गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

देशभर के एयरपोर्ट और सीमाओं पर रहेगी निगरानी

लगातार फरार रहने और न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। पुलिस के अनुसार, इसके बाद देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर आरोपी की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस ने मांगी आमजन से जानकारी

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, जांजगीर (94791-93199) या थाना चांपा (79874-60292) को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Back to top button