जिंदल स्टील परिसर में भक्तिमय हुई रथयात्रा, देबोज्योति रॉय ने निभाई ‘छेरा पहरा’ की परंपरा
रायगढ़: जिंदल स्टील लिमिटेड परिसर में श्री गुंडिचा रथ यात्रा पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुई। जिंदल स्टील क्लब रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव में कंपनी परिवार के सदस्यों ने भारी संख्या में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की।
परंपरा और भक्ति का संगम
यात्रा का शुभारंभ जिंदल स्पोर्ट्स एरीना के समीप हुआ, जहाँ भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों को फूलों से सजाया गया था। परंपरा के अनुसार, जिंदल स्टील लिमिटेड, रायगढ़ के कार्यपालन निदेशक (ED) देबोज्योति रॉय ने रथ मार्ग पर ‘छेरा पहरा’ की पावन रस्म निभाई। इस दौरान ‘हरिबोल’ और भगवान जगन्नाथ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
उल्लासपूर्ण वातावरण में निकली रथ यात्रा
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर भक्तिपूर्ण माहौल रहा। जिंदल स्टील परिवार के कर्मचारियों, उनके परिजनों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ रथ को खींचा। यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जिंदल परिवार की एकजुटता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनी।
मौसी मां मंदिर में समापन
भव्य रथयात्रा बाल भवन के समीप स्थित विशेष रूप से तैयार ‘मौसी मां मंदिर’ में जाकर संपन्न हुई। यहाँ पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने प्रभु के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इस आयोजन को सफल बनाने में जिंदल स्टील क्लब रायगढ़ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही।



