
शिमला। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। कांग्रेस रूझानों में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। पार्टी ने 12 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 25 पर आगे चल रही है। भाजपा 12 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, 16 पर आगे चल रही है। अन्य कैंडिडेट्स ने 2 सीटों पर जीत हासिल की। AAP अभी खाता नहीं खोल पाई है।
जयराम ठाकुर के 3 मंत्री चुनाव हारे
जयराम कैबिनेट में शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज शिमला जिले की कसुम्पटी सीट पर कांग्रेस के अनिरुद्ध सिंह से चुनाव हार गए। सुरेश भारद्वाज पिछले चार चुनाव शिमला शहरी सीट से जीते थे। BJP हाईकमान ने इस बार भारद्वाज की सीट बदलते हुए उन्हें कसुम्पटी सीट से टिकट दिया था।
काउंटिंग सेंटर में छत का हिस्सा गिरने से EVM टूटीं, मतगणना रुकी
कांगड़ा विधानसभा सीट की काउंटिंग रुक गई है। दोपहर 12:15 बजे कांगड़ा पॉलिटेक्निक में बने काउंटिंग सेंटर में छत का एक हिस्सा गिरने से अफरातफरी मच गई। पोलिंग स्टाफ और काउंटिंग सेंटर में बैठे राजनीतिक पार्टियों के एजेंट बाहर की तरफ भागे। जिस समय मतगणना रुकी, उस समय कांगड़ा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र काकू BJP के पवन काजल से पीछे चल रहे थे।
काकू ने आरोप लगाया कि टाइल्स गिरने से EVM टूट गई है, इसलिए वह इस काउंटिंग को नहीं मानेंगे। जिस भवन की टाइल्स गिरीं, वह दो साल पहले ही बना था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ही इस बिल्डिंग का उद्घाटन किया था।
CM ठाकुर रिकॉर्ड 7वीं बार जीते
सराज सीट से CM जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को रिकॉर्ड 20 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया है। वे रिकॉर्ड 7वीं बार जीते हैं। मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर BJP के राकेश जमवाल ने कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर को 8,125 वोट से हराया है। CM ठाकुर के गृह जिले में भाजपा क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है। 10 में 5 सीटें भाजपा ने जीती हैं, बाकी 5 सीटों पर भी भाजपा आगे चल रही है।
कांग्रेस तीन सीटों पर जीती
लाहौल-स्पीति सीट पर कांग्रेस के रवि ठाकुर ने जयराम सरकार में मंत्री रहे डॉ. रामलाल मारकंडा को हराया है। कांगड़ा की जयसिंहपुर सीट से याविंदर सिंर गोमा ने भाजपा के रवींद्र धीमान और नगरोटा सीट से रघुबीर सिंह ने भाजपा के अरुण कुमार मेहरा को हराया है।