जिले के 5 पटवारियों को किया गया निलंबित डिजिटल फसल सर्वेक्षण और राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई
महासमुंद, 10 अक्टूबर 2026 / कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) और राजस्व संबंधी कार्यों में गंभीर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता बरतने पर जिले के 5 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
छ.ग. शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के डिजिटल फसल सर्वेक्षण हेतु PV APP (भौतिक सत्यापन) के माध्यम से गिरदावरी के लिए पटवारियों को खसरा नंबर आबंटित कर 30/09/2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। कार्य प्रारंभ नहीं करने और संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब समाधानकारक नहीं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
निलंबित पटवारियों के नाम :-
1. उदय प्रकाश राजपूत – प.ह.नं. 02, तहसील बसना – DCS कार्य प्रारंभ नहीं करने पर। 2. जितेंद्र सिंह बाघ – तहसील सरायपाली – ग्राम पड़कीपाली में शासकीय जमीन को मनमर्जी से दूसरे कृषक के नाम पर दर्ज करने पर। 3. हरीश चंद्राकर – तहसील महासमुंद – ग्राम बड़गांव में खसरा नंबर की वास्तविक स्थिति छुपाकर दोबारा नामांतरण करने पर। 4. सुश्री कंचन साहू – तहसील बागबाहरा – DCS का भौतिक सत्यापन निर्देशानुसार नहीं करने पर। 5. लुकेश यादव – तहसील बागबाहरा – DCS का भौतिक सत्यापन निर्देशानुसार नहीं करने पर।
उक्त पटवारियों के कदाचरण, अनुशासनहीनता तथा कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही के लिए छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली, भाग-एक के अध्याय (1), खण्ड (1) में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 09 के उपनियम (1) (क) के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में संबंधितों का मुख्यालय तहसील कार्यालय नियत किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
