
राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ का चुनाव जीतने का दावा किया है। इस दावे से झुंझलाई भाजपा ने इसे खुली आंखों का सपना बताया है। पार्टी की ओर से भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा- लगता है कि जब पिछली बार राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आए थे तो उन्होंने बंद आखों से प्रदेश को देखा। तभी वो नहीं देख पाए कि यहां राजधानी में ASP दफ्तर के कॉम्पलेक्स में गैंगरेप हो गया।
गुप्ता ने आगे कहा- प्रदेश में रेत, शराब, कोल जैसे घोटाले हुए सरकार के लिए काम करने वाले अफसर कई महीनों से जेल में हैं। ऑनलाइन सट्टेबाजी से घर-घर के लोग परेशान हैं। चाकू बाजी की घटनाएं बढ़ रही हैं, हत्याएं हो रही हैं। इसलिए अब राहुल गांधी को आंखें खोलनी चाहिए और देखना चाहिए कि कैसे यहां परिवर्तन की लहर चल रही है। ऐसी लहर पूरी छत्तीसगढ़ में भी है और राजस्थान में भी।
ये कहा है राहुल गांधी ने
एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, ‘‘मैं कहूंगा कि अभी हम संभवत: तेलंगाना जीत रहे हैं, हम निश्चित तौर पर मध्य प्रदेश जीत रहे हैं, हम निश्चित तौर पर छत्तीसगढ़ जीत रहे हैं। राजस्थान में बहुत करीबी मुकाबला है और हमें लगता है कि हम जीत जाएंगे। ऐसा लग भी रहा है और वैसे भाजपा भी अंदरखाने में यही कह रही है।’’
कानून का राज नहीं
भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति चल रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कानून का खौफ इन अपराधियों पर नहीं है। कांग्रेस बघेल की सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। खुलेआम छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण हो रहा है। लव जिहाद की घटनाएं हो रही हैं। कांग्रेस सरकार प्रदेश को बर्बाद करने पर तुली हुई है।