दुष्कर्म केस में जेल भेजने की धमकी देकर वसूली का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 10 मई 2026: रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म प्रकरण में जेल भेजने की धमकी देकर युवक और उसके परिवार से पैसे मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 40 हजार रुपये की अवैध मांग कर भयादोहन करने का आरोप है।

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर मांगे पैसे

पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 निवासी साहिल यादव ने 9 मई 2026 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था।

कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद होने पर युवती थाना घरघोड़ा पहुंची थी, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया और कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया।


40 हजार रुपये में “मामला खत्म” कराने का झांसा

शिकायतकर्ता के अनुसार उसी दिन शाम को आरोपी श्याम भोजवानी उसके मोहल्ले पहुंचा और परिवार को धमकाते हुए कहा कि थाना में 50 हजार रुपये देने पड़ेंगे, नहीं तो दुष्कर्म के मामले में जेल भेज दिया जाएगा।

परिवार द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपी ने 40 हजार रुपये में मामला “सेट” कराने की बात कही और लगातार फोन कर रकम देने का दबाव बनाता रहा।


ऑडियो क्लिप बना अहम साक्ष्य

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी ने उससे किसी प्रकार की रकम की मांग नहीं की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन पर पैसे मांगने से संबंधित ऑडियो क्लिप मिला, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।


आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी श्याम भोजवानी निवासी साईराम कॉलोनी, घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


“कानून का भय दिखाकर वसूली अपराध” : एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस, कानून या किसी आपराधिक प्रकरण का भय दिखाकर पैसे मांगना गंभीर अपराध है। उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कानून का नाम लेकर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button