धमतरी में प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, हिंदू संगठन और भीम आर्मी कार्यकर्ता आमने-सामने

धमतरी। जिले के टिकरापारा इलाके में प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति बन गई। नेशनल हाईवे के पास एक घर में आयोजित प्रार्थना सभा का हिंदू संगठनों ने विरोध किया और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए सभा बंद कराने की मांग की। कुछ देर बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, घर में आयोजित प्रार्थना सभा में करीब 30 से 40 लोग मौजूद थे। सभा की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने सभा को लेकर आपत्ति जताते हुए नारेबाजी की और मौके पर ही हनुमान चालीसा का पाठ किया।

भीम आर्मी के पहुंचने के बाद बढ़ा तनाव

विरोध के दौरान भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। संगठन की ओर से कहा गया कि किसी भी व्यक्ति को अपनी पसंद के धार्मिक स्थल पर जाने का अधिकार है और इसके लिए किसी अन्य व्यक्ति की अनुमति आवश्यक नहीं है।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। बताया गया कि हिंदू संगठन का विरोध करीब पांच घंटे तक चला।

हिंदू संगठन ने लगाए धर्मांतरण के आरोप

हिंदू जागरण मंच के दीपक ठाकुर ने आरोप लगाया कि पूर्व में प्रशासन की मौजूदगी में हुई शांति समिति की बैठक में प्रार्थना सभाओं को लेकर कुछ शर्तों पर चर्चा हुई थी। उनका दावा है कि सभा में दूसरे धर्म के लोगों के शामिल होने को लेकर भी सहमति बनी थी।

हिंदू संगठन का आरोप है कि रविवार की सभा में गैर-ईसाई समुदाय के लोग भी शामिल हुए। संगठन ने इस मामले में प्रशासन से जांच की मांग की है।

क्रिश्चियन फोरम ने आरोपों पर रखा अपना पक्ष

क्रिश्चियन फोरम के जिला जनरल सेक्रेटरी डॉ. डायमंड फिलस ने इन आरोपों को लेकर अलग पक्ष रखा। उनका कहना है कि प्रार्थना सभा के लिए लगाए गए सूचना बोर्ड ईसाई समुदाय के लिए हैं और किसी व्यक्ति को जबरन सभा में शामिल नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि लगातार विरोध और रोक-टोक से विवाद की स्थिति पैदा होती है।

भीम आर्मी ने धार्मिक स्वतंत्रता का दिया हवाला

भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष मिलाप साहू ने कहा कि संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पसंद के धर्म और धार्मिक गतिविधियों से जुड़ने का अधिकार देता है। संगठन ने कहा कि किसी व्यक्ति के मौलिक या संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन होने पर वह अपनी बात प्रशासन के सामने रखेगा।

पुलिस ने संभाली स्थिति, बातचीत से समाधान की कोशिश

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस के साथ महापौर रामू रोहरा भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया गया। महापौर ने शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता बताया।

धमतरी एसडीएम पीयूष तिवारी के अनुसार, प्रार्थना सभा को लेकर हिंदू संगठन ने विरोध किया था और बाद में भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे। विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर दिया। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।

Back to top button