नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन
किरोड़ीमल नगर में रैली निकालकर जताया विरोध, राहुल गांधी की गिरफ्तारी की भी निंदा
रायगढ़, 22 जुलाई। नीट पेपर लीक मामले, दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान और जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ के निर्देश पर नगर कांग्रेस कमेटी किरोड़ीमल नगर ने विरोध प्रदर्शन किया।
रैली निकालकर जताया विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड क्रमांक 9 स्थित सांस्कृतिक मंच के पास एकत्रित हुए। इसके बाद रैली के रूप में नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए आजाद चौक पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
पुलिस से हुई झूमाझटकी
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष हरिकिशोर चंद्रा, उपाध्यक्ष रुखसाना इकबाल, विधायक प्रतिनिधि विकास शर्मा, जिला महामंत्री मनीष शर्मा, विजय चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष बेबी मिश्रा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।



