पाली वन परिक्षेत्र में सागौन तस्करी पर कार्रवाई, तीन गोलों से लदी वेन जब्त
रात्रि गश्त के दौरान घुईचुंवा के पास पकड़ा वाहन, करीब 15 हजार रुपये की सागौन लकड़ी बरामद
कोरबा, 10 अगस्त 2026। कटघोरा वनमंडल के पाली वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने इमारती लकड़ी की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन मोटे सागौन के गोलों से लदी एक वेन जब्त की है। वन अमले ने यह कार्रवाई रात्रि गश्त के दौरान बारीउमराव-घुईचुंवा मुख्य मार्ग पर घुईचुंवा के पास की। मामले में वाहन को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है।
पाली वन परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे के अनुसार, वन विभाग की टीम रात में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान घुईचुंवा के पास एक सफेद रंग की वेन संदिग्ध रूप से जाती दिखाई दी। वनकर्मियों ने वाहन को रोककर तलाशी ली।
वेन में मिले सागौन के तीन गोले
तलाशी के दौरान वाहन क्रमांक CG 12 AP 5863 के अंदर इमारती सागौन के तीन मोटे गोले मिले। वन अमले ने तत्काल वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया।
वन विभाग के अनुसार, जब्त सागौन की कुल मात्रा करीब 0.200 घन मीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है।
वाहन राजसात करने की प्रक्रिया शुरू
वन विभाग ने चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जब्त वाहन को राजसात करने के लिए आवश्यक दस्तावेज उच्च अधिकारियों को भेज दिए हैं। मामले में वन कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वन परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे ने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने और अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन करने वालों के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन संपदा की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



