
रायगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल होने जा रहे विद्यार्थियों को परीक्षा की प्रक्रिया और पैटर्न का अभ्यास कराने के लिए बालक शाला पुसौर में विकासखण्ड स्तरीय मॉक टेस्ट आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 401 विद्यार्थियों ने ऑफलाइन परीक्षा में हिस्सा लिया।
मॉक टेस्ट को वास्तविक प्रवेश परीक्षा की तर्ज पर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र के साथ ओएमआर शीट दी गई, जिसमें उन्होंने निर्धारित समय के भीतर प्रश्नों के उत्तर अंकित किए। प्रश्नपत्र नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के पाठ्यक्रम और निर्धारित पैटर्न के अनुरूप तैयार किया गया था।
इस अभ्यास से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी परखने, समय प्रबंधन समझने और ओएमआर शीट पर उत्तर भरने का अनुभव मिला। साथ ही उन्हें परीक्षा के दौरान आने वाली संभावित कठिनाइयों को पहले से समझने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
28 नवंबर को होगी नवोदय प्रवेश परीक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा से पहले हुए इस मॉक टेस्ट को विद्यार्थियों की तैयारी मजबूत करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करने, एकाग्रता बनाए रखने और समय का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों से बिना तनाव के सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की गई। विकासखण्ड स्तर पर आयोजित इस अभ्यास परीक्षा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा के माहौल से परिचित कराना और उनकी शैक्षणिक तैयारी को बेहतर बनाना रहा।
