पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन, 17 जून को कोटा में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
नीट पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर शुरू होगा अभियान, देशभर के छात्रों को जोड़ने की तैयारी
जयपुर। नीट पेपर लीक और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करेंगे और युवा वर्ग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं की आवाज उठाते रहे हैं और अब देशभर में युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।
कोटा से होगी अभियान की शुरुआत
कांग्रेस के अनुसार 17 जून को कोटा में आयोजित छात्र सम्मेलन में राहुल गांधी प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
पेपर लीक से प्रभावित युवाओं को मिलेगा मंच
कांग्रेस ने कहा है कि इन सम्मेलनों में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, युवा संगठनों, शिक्षकों और पेपर लीक मामलों से प्रभावित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान युवाओं को अपने अनुभव साझा करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग उठाने का अवसर मिलेगा। साथ ही बार-बार सामने आने वाले पेपर लीक और भर्ती घोटालों के लिए जवाबदेही तय करने की मांग भी की जाएगी।
एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस को जिम्मेदारी
वेणुगोपाल ने बताया कि इस अभियान के तहत एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और जिला कांग्रेस कमेटियों को छात्रों के बीच पहुंचकर उन्हें आंदोलन से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है।
छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से संपर्क कर परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता की मांग को मजबूत किया जाएगा।
कोटा को चुनने के पीछे खास वजह
कांग्रेस ने अभियान की शुरुआत कोटा से करने का फैसला रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कोटा देश का प्रमुख कोचिंग हब है, जहां नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देशभर से छात्र आते हैं।
ऐसे में एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में उन छात्रों तक पहुंचना संभव होगा, जो परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों और पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रभावित रहे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी छात्रों से मिले थे राहुल
राहुल गांधी इससे पहले दिसंबर 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोटा पहुंचे थे। उस समय उन्होंने यात्रा के बीच समय निकालकर कोचिंग छात्रों से मुलाकात की थी और उनकी समस्याओं तथा भविष्य को लेकर चर्चा की थी।
युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी
कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परीक्षा शुल्क, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, रोजगार और शिक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों को भी राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। पार्टी का दावा है कि इस आंदोलन के माध्यम से लाखों युवाओं की आवाज को मंच प्रदान किया जाएगा।



