फर्जी नाम से किराये पर लिया ट्रेलर, 5.20 लाख में बेचकर हड़पी रकम; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

एनटीपीसी में चलाने का झांसा देकर वाहन लिया, फर्जी किरायानामा और ब्लैंक चेक से रचा था पूरा खेल

[img-slider id="274450"]

रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने ट्रेलर वाहन को किराये पर लेकर उसे बेच देने के सनसनीखेज धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी नाम और पहचान का इस्तेमाल कर वाहन मालिक का विश्वास जीता, फिर ट्रेलर को बेचकर लाखों रुपये का गबन कर लिया।


फर्जी नाम बताकर किराये पर लिया था ट्रेलर

गोरखा निवासी हरदीप सिंह ने थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब दो वर्ष पूर्व एक व्यक्ति ने खुद को राकेश डनसेना बताकर उनसे संपर्क किया और ट्रेलर वाहन किराये पर लेने की इच्छा जताई।

दोनों के बीच बातचीत के बाद वाहन का मासिक किराया 80 हजार रुपये तय हुआ। 7 नवंबर 2024 को किरायानामा तैयार किया गया और आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक भी दिया।

वाहन लेने के कुछ दिनों बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। न तो किराया मिला और न ही वाहन वापस किया गया।


जांच में सामने आई असली पहचान

जब वाहन मालिक ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि खुद को राकेश डनसेना बताने वाला व्यक्ति वास्तव में सुदामा प्रधान उर्फ छोटू, निवासी ग्राम गहलोई, थाना पुसौर है।

शिकायत के आधार पर कोतरारोड़ थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


साथी के साथ मिलकर बनाई थी साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर ट्रेलर वाहन हड़पने की योजना बनाई थी।

गुरप्रीत सिंह ने वाहन मालिक हरदीप सिंह को एनटीपीसी लारा में वाहन चलाने का झांसा देकर ट्रेलर किराये पर देने के लिए तैयार किया। इसके बाद सुदामा प्रधान ने फर्जी नाम से किरायानामा तैयार कर वाहन अपने कब्जे में ले लिया।


5.20 लाख रुपये में बेच दिया ट्रेलर

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वाहन को रायपुर ले जाकर एक व्यक्ति को 5 लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया गया था।

बेची गई रकम को दोनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया। आरोपी ने बताया कि उसके हिस्से की रकम लगभग पूरी खर्च हो चुकी है और करीब 15 हजार रुपये ही बचे थे।


ट्रेलर को काटकर किया गया कबाड़

पुलिस की टीम जब वाहन की तलाश में रायपुर पहुंची तो पता चला कि ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 15 AC 4476 को रायपुर स्थित एक कबाड़ गोदाम में काट दिया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम संचालक बिलाल खान की मृत्यु हो चुकी है।


पुराने अपराधों में भी शामिल रहा आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में वाहन चोरी और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इन मामलों की अलग से जांच की जा रही है।


फरार सह-आरोपी की तलाश जारी

मामले का दूसरा आरोपी गुरप्रीत सिंह अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि फर्जी पहचान, जालसाजी और विश्वासघात के जरिए लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन या अन्य संपत्ति किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति का पूरा सत्यापन अवश्य करें।


गिरफ्तार आरोपी:
सुदामा प्रधान उर्फ छोटू (28 वर्ष)
निवासी – ग्राम गहलोई, थाना पुसौर, जिला रायगढ़।

Back to top button