बरगी हादसे के बाद छत्तीसगढ़ में सख्ती, सीएम साय ने वाटर स्पोर्ट्स पर दिए कड़े निर्देश

रायपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। इस हादसे में 9 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है।


सीएम साय ने की समीक्षा बैठक

हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में संचालित वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करें और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।


सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि वाटर स्पोर्ट्स में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


सुरक्षा ऑडिट और मॉनिटरिंग के निर्देश

सीएम साय ने कलेक्टरों को सभी जल पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा ऑडिट कराने और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी वाटर स्पोर्ट्स संचालित हो रहे हैं, वहां निर्धारित SOP का पूरी तरह पालन होना चाहिए।


लाइफ जैकेट और रेस्क्यू उपकरण अनिवार्य

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्थानों पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध होना अनिवार्य है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

Back to top button