छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार: ऑपरेशन निश्चय के तहत 7 गांजा तस्कर गिरफ्तार, 30 किलो से अधिक गांजा जब्त

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सिमगा पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 430 ग्राम गांजा, दो कार और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 25 लाख 41 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। कार्रवाई पुलिस के ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई।

नेशनल हाईवे-130 पर की गई नाकेबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद स्विफ्ट कार क्रमांक UP70 GE 3782 में गांजा ले जाया जा रहा है। इस कार के आगे चल रही बलेनो कार क्रमांक UP70 GN 5538 कथित तौर पर निगरानी कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर महासमुंद और बिलासपुर पुलिस के समन्वय से नेशनल हाईवे-130 पर नाकेबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, नाकेबंदी देखकर दोनों कारों में सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान दामाखेड़ा के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सातों आरोपियों को पकड़ लिया।

एक आरोपी पत्रकार का सहायक, दूसरा ग्रामीण डॉक्टर

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक पत्रकार का सहायक और दूसरा ग्रामीण डॉक्टर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पहचान का इस्तेमाल कर ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज में बेचने की कोशिश कर रहे थे।

25.41 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजे के 15 पैकेट जब्त किए। जब्त सामग्री का विवरण इस प्रकार है:

  • गांजा: 30 किलो 430 ग्राम, कीमत 15,21,500 रुपये
  • स्विफ्ट कार: अनुमानित कीमत 3,50,000 रुपये
  • बलेनो कार: अनुमानित कीमत 6,00,000 रुपये
  • 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन: अनुमानित कीमत 70,000 रुपये

पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 25 लाख 41 हजार 500 रुपये है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

सिमगा थाने में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के संभावित सप्लायरों और खरीदारों के संबंध में आगे जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विनीत कुमार भारती, करन कनौजिया, सुनील कुमार भारती, सुखलेन्द्र कुमार नट, राजेंद्र गुप्ता, शिवशंकर बिन्द और अनिल कुमार बिन्द शामिल हैं। सभी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के निवासी बताए गए हैं।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button