बालोद में अवैध लकड़ी परिवहन पर बवाल, मेटाडोर पकड़ने के बाद चालक फरार, वन रक्षक निलंबित

बालोद। जिले में अवैध लकड़ी परिवहन से परेशान ग्रामीणों ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरी एक मेटाडोर को पकड़ लिया। हालांकि पंचनामा की कार्रवाई के दौरान चालक और वाहन मालिक मौके से फरार हो गए, जिससे मामला और गरमा गया।


ग्रामीणों ने पकड़ी लकड़ी से भरी गाड़ी

घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के ग्राम धोबनी (कुर्रुभाट क्षेत्र) में ग्रामीणों ने कुसुम और कहुआ लकड़ी से भरी मेटाडोर को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर वन विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।


पंचनामा के दौरान चालक फरार

मौके पर पंचनामा की कार्रवाई चल रही थी, तभी मेटाडोर चालक और मालिक गाड़ी को मोड़कर लाने का बहाना बनाकर फरार हो गए। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।


वन विभाग पर लगे गंभीर आरोप

जिला पंचायत सदस्य नीलिमा श्याम ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डौंडी क्षेत्र के कीमती वनों का लगातार दोहन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े मेटाडोर और ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध लकड़ी का परिवहन हो रहा है और इसमें विभाग के कुछ कर्मचारियों की सांठगांठ भी शामिल है।


DFO ने वन रक्षक को किया निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद के डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही पाए जाने पर वन रक्षक हिमांशु यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


घटना के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है और आगे की जांच जारी है।

Back to top button