बालोद में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सरपंच के घर से लाखों की सागौन लकड़ी जब्त
बालोद, 5 अगस्त। बालोद जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंगारी गांव की सरपंच के मकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी जब्त की है। मामले में सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के खिलाफ वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग और उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने बालोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत अंगारी गांव स्थित मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सागौन के चिरान और गोले बरामद किए गए, जिन्हें दो माजदा वाहनों में भरकर वन विभाग के काष्ठागार भेजा गया। जब्त लकड़ी की गणना और मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है।
डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बरामद सागौन की लकड़ी की मात्रा और अनुमानित कीमत का आकलन किया जा रहा है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि लकड़ी कहां से लाई गई, किस आरा मिल में उसका चिरान कराया गया और इसके लिए आवश्यक वैध अनुमति ली गई थी या नहीं।
वन विभाग मकान में सागौन से बने फर्नीचर की भी जांच कर रहा है। यदि जांच में वन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। लकड़ी के स्रोत के साथ-साथ इस प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


